लोकसभा चुनाव का असर कहा जाए या फिर हिंदु धार्मिक भावनाओं का अचानक जागना। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के दफ्तर राजीव भवन में इन दिनों सुबह 8 बजे से 11 बजे तक भक्तिमय माहौल बना रहता है।
राजीव भवन में कदम रखने पर चारों ओर लगे स्पीकरों से भजन और मंत्र सुनाई देने लगते हैं। यह बदलाव नए प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के पद संभालने के बाद से कांग्रेस भवन में देखने को मिल रहा है।
हिमाचल कांग्रेस दफ्तर राजीव भवन में बराबर हाजिरी भरने वाले आगंतुक जैसे ही प्रवेश करते हैं तो सुगंधित वातावरण सभी को आकर्षित करता है। धीमी आवाज में लगे भजन और मंत्रोच्चारण के स्वर सुबह 8 से 11 बजे गूंजते हैं। इसके बाद राजीव भवन में राजनीतिक गतिविधियों का दौर चलता है।
शुक्रवार को राजीव भवन में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के कमरे में गणेश की मूर्ति विधिवत रूप से स्थापित कर दी गई। इसके लिए पंडित जी भी आमंत्रित किए गए। इसके अलावा दफ्तर की दीवार में शिव-पार्वती और गणेश-कार्तिकेय की तस्वीर भी लगा दी गई है।
प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर कहते हैं कि राजीव भवन में सकारात्मक ऊर्जा के प्रवेश के लिए यह कदम उठाए गए हैं। रोज सुबह राजीव भवन में अगरबत्ती जलाई जाती है और सुबह 8 से 11 बजे तक भवन और मंत्र लगाए जाते हैं।