हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की जंजैहली घाटी के बगस्याड़ बाजार में बुआ के साथ सड़क पार कर रही चार साल की बच्ची को वाहन ने टक्कर मार दी। घायल बच्ची की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। हादसा शनिवार सुबह 10 बजे के करीब पेश आया। वाहन टाटा सूमो के चालक को गिरफ्तार कर लिया है। वाहन शिकारी देवी मंदिर की तरफ जा रहा था।
चार साल की बच्ची गूंजन पुत्री नरेंद्र कुमार निवासी सरोआ अपनी बुआ के साथ जा रही थी। बुआ अपनी बेटियों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। बगस्याड़ बाजार में सड़क पार करते समय शिकारी देवी जा रही एक टाटा सूमो ने गूंजन को जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर घायल हो गई। लोगों ने गूंजन को बगस्याड़ अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया लेकिन गूंजन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। एसपी गुरदेव चंद शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। सीएम जयराम ठाकुर ने घटना पर दुख जताया है और पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना जाहिर की है। गुंजन का एक भाई यश 2 साल बड़ा है और पिता फौज में है।