जालंधर-धर्मपुर-मंडी एनएच-70 पर पारच्छू नाला से गुजर रही कार पर पहाड़ी से मलबा गिर गया। इससे कार सड़क पर ही पलट गई। हादसे में कार सवार चार लोगों को चोटें आई हैं।
घायलों में ब्रांग वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के तीन प्रवक्ता और एक प्रधानाचार्य हैं। शनिवार को छुट्टी के बाद सभी एक कार में सवार होकर घर की ओर जा रहे थे। लोगों की मदद से घायलों को सरकाघाट अस्पताल लाया गया।
घायलों की पहचान प्रधानाचार्य ब्रांग स्कूल केशव ठाकुर (52) निवासी सरोन डाकघर चोलथरा, प्रवक्ता विद्या देवी (43), प्रवक्ता संजय ठाकुर एवं प्रवक्ता सजीली देवी के रूप में हुई।
सभी ब्रांग स्कूल में तैनात हैं। स्कूल में छुट्टी होने के बाद निजी कार से चोलथरा की तरफ लौट रहे थे। करीब पौने चार बजे पारच्छू के पास पहाड़ी से मलबा कार पर गिर गया।
दो को छुट्टी दे दी है जबकि केशव ठाकुर और सजीली देवी को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर किया गया है। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार रमेश चंद ने घायलों को तीन-तीन हजार की फौरी राहत राशि प्रदान की। उधर, घटना की पुष्टि डीएसपी चंद्रपाल ने की है।