रविवार देर शाम राजबन में हादसे का वीडियो वायरल हुआ था। हादसे में चार लोगों को चोटें आई थीं। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम घायलों को अस्पताल पहुंचाने की बजाय हादसे की फोटोग्राफी करती रही।
वीडियो में एक घायल मानवता की दुहाई देते हुए खुद को अस्पताल पहुंचाने के लिए लोगों को पुकारता हुआ दिख रहा है। हालांकि, कॉल के बावजूद शीघ्र 108 नंबर गाड़ी भी मौके पर नहीं पहुंची तो निजी वाहनों में 2-2 घायलों को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया।
वीडियो के वायरल होने पर एसपी सिरमौर ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने मामले की जांच के लिए डीएसपी पांवटा को निर्देश दिए हैं। डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि शुरुआती जांच में आरोप बेबुनियाद नजर आ रहे हैं।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर एंबुलेंस को कॉल किया। टीम ने केवल रोड पर पड़ी बाइक और स्कूटी की फोटो खींची है। एंबुलेंस नहीं आने पर निजी वाहनों से 2-2 घायलों को पांवटा अस्पताल पहुंचाया गया।
नेशनल हाईवे पर लंबा जाम न लगे, इसलिए वाहनों को मौके से हटाया गया। संक्षिप्त वीडियो में जो घायल बोल रहा है, वह नशे की हालत में बाइक चला रहा था। आरोपी के मेडिकल में भी नशा करने की पुष्टि हुई है।