डीसी राकेश कुमार प्रजापति ने फोर्टिस अस्पताल में टीकाकरण का शुभारंभ किया।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा का फोर्टिस अस्पताल प्रदेश का पहला अस्पताल बन गया है, जहां 18 से 44 वर्ष आयु के लोगों को कोवैक्सीन और कोविशील्ड का टीका लगेगा। शुक्रवार को डीसी राकेश कुमार प्रजापति ने फोर्टिस अस्पताल में इस सुविधा का शुभारंभ किया। वैक्सीन की बुकिंग की सुविधा शुरू हो गई है।
वैक्सीन लगाने वालों को कोविशील्ड 850 और कोवैक्सीन 1250 रुपये में मिलेगी। गुरुवार को पहला स्लॉट भी खोला गया। अस्पताल के डायरेक्टर अमन सोलोमन ने बताया कि वीरवार को तीन से चार बजे तक वैक्सीन की बुकिंग शुरू हुई। स्लॉट बुकिंग करवाने वाले 100 व्यक्तियों को शुक्रवार को वैक्सीन लगाई गई।
18 से 44 वर्ष के व्यक्तियों को वैक्सीन लगाई जा रही है। सरकारी पोर्टल के माध्यम से ही इसका पंजीकरण किया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से बताया गया कि अस्पताल में कोविशील्ड और कोवैस्कीन दोनों लगाई जाएंगी। फिलहाल कोविशील्ड स्टॉक में है।
कोवैक्सीन इस हफ्ते तक उपलब्ध हो जाएगी। सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता, एसडीएम अभिषेक वर्मा, बीएमओ तियारा डॉ. संजय भारद्वाज भी मौजूद रहे। डीसी ने बताया कि सरकारी पोर्टल के माध्यम से ही वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन हो रही है।
अस्पताल के डायरेक्टर अमन सोलोमन ने बताया कि वैक्सीन लगाने के लिए आने वालों को दिक्कत न आए, इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। वैक्सीन की बुकिंग रोजाना सरकारी पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। यह बुकिंग रोजाना सुबह 10 बजे से 11 बजे तक होगी और फोर्टिस में रोजाना 100 लोगो को वैक्सीन लगाई जाएगी।