पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कोविड अस्पतालों में प्रबंधों और मरीजों की देखभाल पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमितों का अस्पतालों में उचित उपचार भी हो। अस्पतालों में उनकी सही देखभाल नहीं हो रही। दवाई तो दूर समय पर भोजन तक नहीं मिल रहा। सुक्खू ने सरकार से कोविड वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगाने के बाद हुई लोगों की मौत का आंकड़ा भी सार्वजनिक करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यह लोगों को पता चलना चाहिए। सरकार वैक्सीन और टीकाकरण की भी उचित व्यवस्था करे। प्रदेश में 18 से 44 साल के व्यक्तियों के लिए पर्याप्त वैक्सीन नहीं है। सुखविंद्र ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे लॉकडाउन में जरूरतमंद लोगों की अधिक से अधिक मदद करें। पीड़ित परिवारों को अगर किसी चीज की जरूरत है तो उसे मुहैया कराने का हर संभव प्रयास किया जाए।