पड़ोसी देश भूटान की यात्रा के पश्चात ब्राजील दौरे की पहली बड़ी विदेश यात्रा की सफलता के लिए नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी है।
धूमल ने कहा कि ब्राजील में ब्रिक्स के छठे शिखर सम्मेलन में ’’ब्रिक्स देश आपात निधि कोष’’ व ’’ ब्रिक्स विकास बैंक’’ की स्थापना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बड़ी सफलता है। यह गर्व की बात है कि ब्रिक्स विकास बैंक का पहला सीईओ भारतीय होगा।
बैंक का संपूर्ण प्रबंधन पहले 5 वर्ष तक भारतवर्ष के पास रहेगा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ब्रिक्स विकास बैंक में समूह देशों की बराबरी की हिस्सेदारी सुनिश्चित करवाकर नरेन्द्र मोदी ने अपनी कूटनीति का लोहा मनवाया है।
ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान मोदी की आतंकवाद के प्रति कड़े रुख और जीरो टॉलरैंस नीति की सराहना की। आतंकवाद के खिलाफ प्रस्तुत प्रस्ताव को ब्रिक्स देशाें के समूह ने अपने डेक्लेरेशन में जगह दी।
ब्रिक्स समूह के देशों में सदस्य देशों की भाषाओं को पढ़ाए जाने और ब्रिक्स विश्वविद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए धूमल ने कहा कि इस सम्मेलन में स्वास्थ्य, शिक्षा, शहरी विकास, प्रबन्धन और यंग साईटिस्ट फोरम के गठन के प्रस्ताव श्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच के परिचायक है।