वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने उनकी शैक्षणिक योग्यता पर सवाल उठाने और उनकी डिग्री को फर्जी करार देने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के पुत्र अरुण धूमल पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने मंगलवार को तपोवन विधानसभा परिसर ‘अमर उजाला’ से खास बातचीत में कहा कि अरुण धूमल उनकी डिग्रियों पर सवाल उठाने वाले होते कौन हैं।
सोशल मीडिया पर अनापशनाप लिखने से कोई झूठ सच नहीं बन जाता। वे इन गीदड़भभकियों से डरने वाले नहीं हैं। यदि अरुण ने यह दुष्प्रचार बंद नहीं किया तो वे अरुण के खिलाफ मानहानि का केस करने के बारे में भी सोच सकते हैं। कहा कि भाजपा के लोगों के पास कोई मुद्दा नहीं रह गया है तो वे अनर्गल आरोप लगाने में जुटे हैं।
मेरे गायन-नृत्य शैली का पूरा जग दीवाना
सोशल मीडिया पर वायरल जनसभाओं में उनके गायन और नृत्य शैली के बारे में पूछे एक सवाल के जवाब में वन मंत्री बोले - मेरे गायन और नृत्य कला के कद्र दान हिमाचल में नहीं, पूरे देश और दुनिया में हैं। मैं अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा पर गर्व अनुभव करता हूं। हर मंच पर इसका प्रचार-प्रसार करता रहूंगा।