शिमला शहर में हर रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को मिलेगी निजात, 50 फीसदी कार्य पूरा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। विधानसभा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर मार्च 2026 तक बनकर तैयार हो जाएगा। वर्तमान में फ्लाईओवर का काम 50 फीसदी तक पूरा हो गया है। फ्लाईओवर बनने से शहर में हर रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम से शहरवासियों को निजात मिलने की उम्मीद है। फ्लाईओवर का कार्य हिमाचल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एचपीआरआईडीसी) कर रहा है। 26.75 करोड़ रुपये की लागत से इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
विधानसभा के समीप तीन जगह से वाहनों की आवाजाही होने के कारण सुबह और शाम लोगों को ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है। हालत यह होती है कि सुबह के समय विक्ट्री टनल से लेकर एमएल क्रॉसिंग तक वाहनों की कतारें लग जाती हैं। इस समस्या के समाधान के लिए विधानसभा में फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। विधानसभा के पास अनाडेल सड़क को जोड़ने के लिए यह फ्लाईओवर तैयार हो रहा है। यह फ्लाईओवर कंकरीट और स्टील से बनाया जा रहा है। वर्तमान में फ्लाईओवर के तीन पीयर यानि खंभे बनकर तैयार हो चुके हैं और अब इसकी कैपिंग का काम चल रहा है। इस प्रोजेक्ट के तहत विक्ट्री टनल के पास सिंगल लेन सड़क बनाने की योजना भी थी लेकिन जमीन की कमी के कारण यह कार्य नहीं हो पा रहा है। एचपीआरआईडीसी के अधीक्षण अभियंता महेश राणा ने बताया कि फ्लाईओवर का 50 फीसदी तक कार्य पूरा हो गया है। अगल साल मार्च तक इसे बनाने का लक्ष्य रखा गया है।