मशीनरी तैयार, पर दिवाली के चलते घर लौट रहे ठेकेदार के मजदूर
करीब 25 करोड़ से विधानसभा के पास बनना है 220 मीटर लंबा फ्लाईओवर
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के कार्टरोड पर विधानसभा के पास बनने वाले फ्लाईओवर का निर्माणकार्य अब दिवाली के बाद ही शुरू हो सकेगा। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बनने वाले इस फ्लाईओवर के काम को शुरू करने की रेलवे से मंजूरी तो मिल गई है लेकिन दिवाली के चलते अब ठेकेदार के पास मजदूर नहीं हैं। वे दिवाली पर घर लौट रहे हैं, ऐसे में दिवाली के बाद ही यह काम शुरू हो पाएगा।
25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस फ्लाईओवर के काम को अभी तक रेलवे से अनुमति नहीं मिली थी, लेकिन हाल ही में रेलवे से काम शुरू करने की मंजूरी मिल गई है। इसके बाद इस प्रोजेक्ट का काम करवा रहे एचपीआरआईडीसी ने ठेकेदार को काम शुरू करने के निर्देश दिए थे। ठेकेदार ने मौके पर मशीनरी लानी तो शुरू कर दी थी लेकिन अब मजदूर न होने से कुछ दिन देरी से काम शुरू होगा। कार्पोरेशन का कहना है कि दिवाली के तुरंत बाद यह काम शुरू करवा दिया जाएगा। सबसे पहले यहां फ्लाईओवर के पिलर का निर्माण होना है। इसके लिए निर्माण सामग्री को भी मौके पर पहुंचाने को कहा गया है। कार्पोरेशन की बुधवार को दिल्ली में रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक होनी है। इसमें विधानसभा फ्लाईओवर के डिजाइन और निर्माण पर चर्चा होगी।