सात महीने के बाद 10 मई से शिमला के जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे से फिर नियमित विमान सेवा शुरू होने जा रही है। एलायंस एयर दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला के लिए मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के छह दिन उड़ानें संचालित करेगी। कंपनी ने एडवांस बुकिंग भी शुरू कर दी है। हालांकि, इस बार यात्रियों को पहले के मुकाबले 65 से 96 फीसदी अधिक किराया चुकाना होगा। दिल्ली से शिमला और शिमला से दिल्ली के बीच बीते वर्ष प्रति सीट रियायती किराया करीब 4,500 रुपये था, जो अब बढ़कर 7,441 रुपये पहुंच गया है। यानी किराया करीब 65 फीसदी बढ़ गया है।
10 मई से दिल्ली-शिमला, शिमला-धर्मशाला के बीच विमान सेवाएं शुरू हो रही हैं। डीजीसीए की ओर से 10 से 20 मई तक का स्वीकृत शेड्यूल हमें प्राप्त हो चुका है। जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर उड़ानें शुरू करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। - सतीश कुमार, निदेशक, भारतीय विमानपतन प्राधिकरण शिमला एयरपोर्ट