जांच टीम ने दूध, दही और पनीर के सैंपल भी भरे संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर में बिना खाद्य लाइसेंस के ट्रकों में दूध, दही और पनीर लाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की टीम ने मंगलवार को शोघी में नाका लगाया था जिसमें इसका खुलासा हुआ।
शोघी में सुबह साढ़े चार बजे के करीब खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग ने नाका लगाया था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा, चरणदास और अजय शर्मा ने पुलिस की मौजूदगी में चंडीगढ़ की ओर से शिमला के लिए दूध, दही, पनीर, खीर समेत अन्य खाद्य पदार्थों की सप्लाई लेकर आने वाली गाड़ियों की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान पांच गाड़ियां ऐसी पकड़ीं जिनके पास खाद्य लाइसेंस नहीं थे। टीम ने पांच गाड़ियों के मौके पर ही चालान काटे। यह जानकारी खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की सह आयुक्त वृंदा चौहान ने दी। उन्होंने यह भी बताया कि टीम ने दूध, पनीर, दही, सिरका और डबल टोंड मिल्क के सैंपल भी लिए हैं।
गाड़ी से 90 किलो बदबू
वाला पनीर भी पकड़ा
विभाग ने हरियाणा नंबर की एक गाड़ी से 90 किलोग्राम खराब और खट्टा पनीर भी बरामद किया है। इसमें भारी बदबू थी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने नियमित जांच के दौरान संजौली में एक गाड़ी को रोका था। इसमें मिले पनीर में कुछ गड़बड़ी लगी। इसके बाद पुलिस ने खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की टीम को इसकी सूचना दी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा मौके पर पहुंचे और 90 किलोग्राम पनीर को मौके पर नष्ट करवाया। बताया जा रहा है कि चालक ने पनीर कहीं और भी बेचा है।