एक से श्रेष्ठ केंद्रों पर बच्चों की ओर बनाए रंग-बिरंगे दिये। स्रोत: जागरूक पाठक
स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। दिवाली पर श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र के एक से श्रेष्ठ केंद्रों में बच्चों ने हाथों से रंग-बिरंगे मिट्टी के दीये बनाए। नन्हे कलाकारों की इस पहल ने दीपों की खूबसूरती तो बढ़ाई ही, साथ ही वोकल फॉर लोकल और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का संदेश भी दिया।
यह कार्यक्रम सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की प्रेरणा से संचालित संस्था एक से श्रेष्ठ के अंतर्गत आयोजित किया गया। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में चल रही इस पहल के तहत 600 से अधिक केंद्रों में 12,000 से ज्यादा बच्चे निशुल्क ट्यूशन ले रहे हैं। बच्चों की ओर से तैयार किए दीये आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उनकी सृजनशील सोच का प्रतीक हैं। शिक्षकों ने इस अवसर पर बच्चों को यह भी समझाया कि त्योहारों पर विदेशी सजावट सामग्री की बजाय देसी उत्पादों और स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित वस्तुओं का उपयोग करना चाहिए। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। एक्ट टू ट्रांसफॉर्म संस्था के कोऑर्डिनेटर मितेश कौशल ने बताया कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में सृजनात्मक सोच के विकास के साथ-साथ उन्हें अपनी स्थानीय संस्कृति और उत्पादों से जोड़ने का माध्यम भी बनती हैं।