हिमाचल के कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां के निकटवर्ती गांव ठारू में गुरुवार को किसी व्यक्ति ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर 500 रुपये के चार नोट सड़क किनारे पड़े देखे। रुपये सामने दिख रहे थे लेकिन उनके पास जाने की हिम्मत कोई नहीं कर पा रहा था। आशंका व्यक्त की जाने लगी कि कोरोना वायरस के चलते हो सकता है कोई जानबूझ कर इन्हें यहां फेंक गया है।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को तुरंत इसकी सूचना दी गई। कुछ ही देर में सिविल अस्पताल की एक टीम मौके पर पहुंची और सड़क किनारे पड़े रुपयों को अस्पताल ले आई। आशंका के चलते रुपयों को सैनिटाइज किया गया और पुलिस को भी इस बारे सूचना दी गई। बीएमओ डॉ. सुशील शर्मा ने बताया कि इन रुपयों के मालिक ने जब पुलिस थाने में इस बारे संपर्क किया, तब जाकर स्थिति स्पष्ट हुई। उन्होंने बताया कि रुपयों के मालिक को यह धनराशि लौटा दी गई है।