एचआरटीसी की एक चलती बस में देर रात अचानक आग भड़क गई। सवारियों से भरी इस बस के इंजन में धुंआ निकलता देख लोगों के जान पर बन आई। घटना वीरवार देर रात करीब एक बजे की है।
जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की ये बस रामपुर से जम्मू जा रही थी। जैसे ही बस हमीरपुर से करीब चार किलोमीटर आगे पहुंची कि अचानक इंजन में आग भड़क गई। इंजन से धुंआ निकलता देख लोग चिल्लाने लगे।
अफरातफरी में लोग बस से बाहर कूदने लगे। हालांकि, किसी के जख्मी या झुलसने की सूचना नहीं है। मगर देर रात एक बजे के बाद लोगों को सड़क पर ही बैठना पड़ा। वहीं, एचआरटीसी की एक बस तो यहां से गुजरी लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी।
इसके बाद गुस्साए लोगों ने यहां हंगामा भी कर दिया। करीब ढाई बजे एचआटीसी की दूसरी बस यहां पहुंची जिसके बाद सवारियों को रवाना किया गया।