हिमाचल के किन्नौर जिले की सांगला पंचायत के थापासारिंग गांव में अचानक आग लगने से आठ कमरों का दो मंजिला लकड़ी का मकान सामान समेत जलकर राख हो गया। शुक्रवार देर रात अचानक थापासारिंग गांव के निवासी बलराज नेगी के मकान में आग लग गई।
इससे करीब 12 लाख के नुकसान का अनुमान है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू करने प्रयास किया। अग्निशमन केंद्र की गाड़ी पहुंचने से पहले ही मकान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
पुलिस विभाग की ओर से मुख्य आरक्षी सुशांत शर्मा के साथ आरक्षी जितेंद्र, रवि, अमरीक, प्रवीण और सुरक्षा इकाई प्रभारी आनंद नेगी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गांव के लोगों के साथ मिलकर आग को अन्य घरों में फैलने से रोका।
उधर, तहसीलदार सांगला ब्रिकमजीत सिंह ने कहा कि सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने नुकसान का आकलन किया है। उन्होंने कहा कि अग्निकांड से करीब 12 लाख का नुकसान हुआ है।