शिमला के ढली में दर्दनाक हादसा हो गया। ढारों में लगी आग में एक मासूम जिंदा जल गया। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय परिवारवाले क्रिसमस का जश्न मना रहे थे। पुलिस के अनुसार थाना ढली के तहत मशोबरा में शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे मजदूरों के ढारे में लगी आग में झुलसकर एक बच्चे की मौत हो गई। छह साल का बच्चा ढारे में अकेला ही था।
परिवार के अन्य सदस्य ढारे से थोड़ी दूर क्रिसमस का जश्न मनाने में व्यस्त थे। परिजनों ने एक व्यक्ति पर आग लगाने का शक जाहिर किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक पुलिस इसे एक हादसा मानकर ही चल रही है। आग लगने का पता चलते ही परिजन और पड़ोसी तुरंत वहां पहुंचे तथा आग बुझाने की कोशिश की।
लेकिन अंदर जाकर देखा तो निशांत आग में बुरी तरह झुलस चुका था। पिता ललित और मां मीना रात को ही बच्चे को आईजीएमसी लेकर आ गए। यहां चिकित्सकों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मशोबरा चौकी से गई पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।