प्रवासी कामगारों के आशियाने एक बार फिर खाक हो गए है। बद्दी के समीप सिक्का होटल के पास 27-28 झुग्गियों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ है।
आग लगने का कारण प्रवासी कामगारों के बच्चों के खाना बनाते समय आग का फैलना और झुग्गियों में रखे बाजारू सिलेंडरों के फटने से बेकाबू होना बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग बददी की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। यहां रहने वाले सभी कामगार अपने कामों पर चले गए थे। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने इन झुग्गियों में रह रहे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सुबह साढ़े नौ बजे की घटना
जानकारी के मुताबिक आग सुबह करीब साढ़े नौ बजे लगी। सिक्का होटल के पास बनी झुग्गियों में अचानक आग की लपटें उठने लगी। पास में स्थित दमकल विभाग के अधिकारियों ने इसे देख लिया और तुरंत मौके पर पहुंचे।
दमकल विभाग बद्दी के अग्निशमन अधिकारी कुंदन लाल ठाकुर के नेतृत्व वाली टीम में लीडिंग फायरमैन संतराम, फायरमैन भीम सिंह, देव दत्त, गोपाल, होमगार्ड के जवान तीन वाहनों को लेकर मौके पर पहुंचे थे।,
दमकल अधिकारी बददी कुंदन लाल ठाकुर ने कहा कि आग सुबह लगी, जिससे जानी नुकसान नहीं हुआ और मौके पर पहुंची टीम ने करीब 2 करोड़ रुपये की संपत्ति को जलने से बचा लिया।
उन्होंने कहा कि आग खाना बनाते समय लगी, जिससे झुग्गियों में रखे बाजार वाले सिलेंडर फट गए और आग भड़क उठी।