अग्निशमन कर्मियों ने आग पर पाया काबू, सिलिंडर समेत अन्य सामान बाहर निकाला
विज्ञापन
आग लगने के कारणों का नहीं चल पाया पता
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। यूएस क्लब के पास रिच माउंट में सरकारी आवासों में आग लगने का मामला सामने आया है। घटना वीरवार सुबह की बताई जा रही है। इन आवासों में आईजीएमसी के डॉक्टर रहते हैं। अग्निशमन विभाग के दमकल वाहनों ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अग्निशमन विभाग के मुताबिक वीरवार सुबह 9:50 बजे पर सूचना मिली कि रिचमाउंट में स्थित सरकारी भवन की ऊपरी मंजिल में आग लग गई। इसकी सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
आग पर जल्द काबू पाने के लिए मालरोड, छोटा शिमला और बालूगंज से छोटे वाटर टेंडर को भेजा था। दमकल कर्मियों के मुताबिक एक सेट में डॉ. पूजा नेगी और दूसरे में डॉ. राजेश वर्मा रहते हैं। टीम जब तक मौके पर पहुंची तब तक सीलिंग और छत में आग पूरी तरह से फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ ही दोनों घरों से गैस सिलिंडर समेत अन्य सामान सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। भीतर की तरफ से आग बुझाने के बाद छत को उखाड़कर सीलिंग के ऊपरी तरफ लगी आग को बुझाया गया। आग लगने से दोनों ही आवासों की सीलिंग और छत पूरी तरह से जल गई है।
दोपहर 12:45 बजे दमकल वाहन आग पर काबू पाने के बाद वापस लौटे। विभाग के मुताबिक इस अग्निकांड में साढ़े पांच लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई है। इसमें सीलिंग और छत के अलावा घर में रखा सामान भी शामिल है। वहीं दमकल कर्मियों ने 80 लाख रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचाया है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इसको लेकर छानबीन की जा रही है।