ऊना क्षेत्र के टक्का रोड स्थित गुरुद्वारा शहीदां सिंहा की दूसरी मंजिल के एक कमरे में अचानक आग भड़क गई। इससे कमरे में रखी धार्मिक सामग्री जलकर राख हो गई। घटना में एक एसी भी आग की भेंट चढ़ गया। घटना के दौरान गुरुद्धारा के नीचे समागम चल रहा था और सैकड़ों की संख्या में संगत गुरू का नाम जप रही थी। आग की लपटें देख लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मंजर देख महिलाओं के आंसू निकल गए। उन्होंने गुरु नाम जपना शुरू कर दिया। आगजनी का मुख्य कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कर्मियों ने स्थानीय युवकों की मदद से आग पर काबू पाया गया। उधर, सदर ऊना थाना के एसएचओ शेर सिंह भी मौके पर पहुंच गए थे। घटना के दौरान गुरुद्वारे के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी।
आगजनी में हजारों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार टक्का रोड स्थित गुरुद्वारा शहीदां सिंहा में देर सायं अचानक ही एक कमरे में आग भड़क उठी। आग ने देखते ही देखते रौंद रूप धारण कर लिया। आग की लपटों को देख स्थानीय लोगों व संगतों ने आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
मामले की सूचना अग्निशमन विभाग ऊना को दी गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया एवं स्थिति को नियंत्रण में किया। आग इतनी भयंकर थी कि अग्रिशमन की दो गाडि़यों को मौके पर आग बुझाने के लिए पहुंचना पड़ा, तब जाकर आग की स्थिति को काबू में किया गया।
आग की इस घटना में कमरे में रखा सारा धार्मिक सामान सहित अन्य कीमती सामान जलकर आग की भेंट चढ़ गया। अग्निशमन केंद्र ऊना के प्रभारी राज सिंह राणा ने बताया कि दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग को बुझा दिया है।