फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगामी विस चुनावों में कांग्रेस सरकार की विदाई तय, भाजपा प्रचंड बहुमत से बनाएगी सरकार : जयराम ठाकुर

विज्ञापन
आनी में जयराम ठाकुर का स्वागत। संवाद 
विज्ञापन
आनी में पंचायतीराज प्रतिनिधि सम्मान समारोह में नेता प्रतिपक्ष ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना
विज्ञापन

बोले- भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत ने बदलाव के संकेत दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी के ऐतिहासिक राजा रघुबीर सिंह स्टेडियम में मंगलवार को आयोजित पंचायतीराज जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के चार वर्ष पूरे होने जा रहे हैं और अब इसकी विदाई का समय आ गया है। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनना तय है। पंचायतीराज चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को प्रदेश भर में मिले जनसमर्थन ने इसके स्पष्ट संकेत दे दिए हैं। आनी और निरमंड उपमंडल से पंचायतीराज संस्थाओं में जीतकर आए भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करने के बाद अपने संबोधन में जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आनी विधानसभा क्षेत्र के साथ कोई भेदभाव नहीं किया गया। उनके कार्यकाल में क्षेत्र में करीब 250 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आनी में करोड़ों रुपये खर्च किए गए और सड़क निर्माण समेत आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं पहाड़ी क्षेत्र से आते हैं और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में रहने वाले लोगों की समस्याओं और चुनौतियों को भली-भांति समझते हैं। आनी जैसे दुर्गम क्षेत्र में सड़कें और स्वास्थ्य सुविधाएं कितनी महत्वपूर्ण हैं, इसका उन्हें जमीनी अनुभव है। उनके कार्यकाल में आनी क्षेत्र में पीएचसी, स्वास्थ्य उपकेंद्र, डिस्पेंसरी और पशु चिकित्सालय समेत दर्जनों संस्थान खोले गए थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही इनमें से कई संस्थानों को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि ये संस्थान राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि जनता की जरूरतों को देखते हुए खोले गए थे। जयराम ठाकुर ने कहा कि आनी में करीब 66 करोड़ रुपये की लागत से सिविल अस्पताल भवन का निर्माण उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में शुरू करवाया गया था, लेकिन वर्तमान सरकार के समय निर्माण कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाया है। आनी में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एचआरटीसी के पास बसें नहीं, जनता बेहाल है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का रवैया ऐसा है, मानो सृष्टि का प्रकट होना भी उनके जन्म के बाद ही हुआ हो।
विज्ञापन



बीबीएमबी का श्रेय लेने में जुटी कांग्रेस सरकार
श्री कसाऊ बांध के मामले में बीबीएमबी के साथ करीब 30 वर्षों की लंबी लड़ाई के बाद फैसला आया, लेकिन अब कांग्रेस सरकार इसका श्रेय लेने में जुट गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रेय लेने में कांग्रेस सरकार माहिर है। उन्होंने कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि चार साल बीत गए, लेकिन वह आगे-पीछे भागते ही रह गए और आज तक मंत्री नहीं बन पाए। पंचायतीराज चुनावों के मुद्दे पर जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार चुनाव करवाने के पक्ष में नहीं थी। सरकार ने डिजास्टर एक्ट का हवाला देकर चुनाव टालने का प्रयास किया, क्योंकि कांग्रेस को अंदाजा था कि जनता चुनावों में उसका हिसाब चुकता करेगी। उन्होंने कहा कि जब भाजपा सरकार के समय कोरोना जैसी विपरीत परिस्थितियों में पंचायती राज चुनाव करवाए जा सकते थे, तो वर्तमान परिस्थितियों में चुनाव करवाने में क्या परेशानी थी। आखिरकार सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद चुनाव करवाने पड़े। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनावों के परिणामों ने भाजपा के पक्ष में माहौल बनने के स्पष्ट संकेत दिए हैं। आनी और निरमंड सहित प्रदेशभर में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को मिले समर्थन से साफ है कि जनता बदलाव चाहती है। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। इससे पूर्व आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार, पूर्व एपीएमसी चेयरमैन अमर ठाकुर और भाजपा मंडल आनी के अध्यक्ष वेद ठाकुर ने भी समारोह को संबोधित किया। वक्ताओं ने पंचायती राज संस्थाओं में भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों की जीत को पार्टी की नीतियों और संगठन की मजबूती का परिणाम बताया।

आनी में जयराम ठाकुर का स्वागत। संवाद 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें