महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत सूबे के पांच जिलों के आंगनबाड़ी केंद्रों में दिए गए माप यंत्र अब बदले जाएंगे। मापी यंत्रों में खराबी आने के चलते विभाग ने इन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों से वापस मंगवा लिया है। अब आंगनबाड़ी केंद्रों को दोबारा नए भार और लंबाई मापने की मशीन दी जाएगी। पांच जिलों में प्रथम चरण में चलाए गए पोषण अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में माप यंत्र दिए गए थे।
आंगनबाड़ी केंद्रों में माप यंत्रों से बच्चों का भार और लंबाई मापी जाती है। इन पांच जिलों में चंबा, हमीरपुर, शिमला, सोलन और ऊना शामिल हैं। प्रदेश में कुपोषण को रोकने के लिए सरकार की ओर से पोषण अभियान चलाया गया है। अभियान के तहत लोगों को इसके बारे में जागरूक किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत बच्चों का सही वजन और लंबाई जानने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को मशीनें प्रदान की गईं। इन मशीनों के जरिए बच्चे के जन्म के समय कितना भार और लंबाई है। इसके बारे में सटीक जानकारी मिलनी है, लेकिन पांच जिलों में दी गई मशीनों में से कुछ मशीनों में खराबी आ गई। इसके चलते विभाग ने अब आंगनबाड़ी केंद्रों की मशीनों को बदलने का निर्णय लिया है।
सभी भार और लंबाई मापने की मशीनों को वापस मंगवाया है। जिस कंपनी से पहले यह मशीनें खरीदी गई थीं, वह कंपनी इन मशीनों को बदलने के लिए तैयार है। अब जल्द ही आंगनबाड़ी केंद्रों को नई मशीनें मिलेंगी। महिला एवं बाल विकास विभाग हमीरपुर के जिला कार्यक्रम अधिकारी तिलक राज आचार्य ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में दी गई मशीनों को कार्यालय मंगवाया गया है। इन मशीनों के जरिये बच्चों का भार और लंबाई मापा जाता है।