हिमाचल प्रदेश के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित उप चुनाव को देखते हुए चुनाव आयोग ने कदमताल शुरू कर दी है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी प्रशासनिक सचिवों और जिला निर्वाचन अधिकारी कांगड़ा को सार्वजनिक स्थानों पर राजनीतिक दलों के होर्डिंग हटाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। कहा गया है कि भारत निर्वाचन आयोग कभी भी उप चुनाव की घोषणा कर सकता है।
ऐसे में आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले ऐसे सभी होर्डिंग, बैनर, पोस्टर, वॉल राइटिंग या फोटोग्राफ हटा दिए जाएं। फतेहपुर से कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया का कुछ समय पहले निधन हो गया था। निधन के बाद सीट रिक्त होने की जानकारी विधानसभा सचिवालय ने सीईओ कार्यालय के जरिये भारत निर्वाचन आयोग को भेज दी थी। इसके बाद अब मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने चुनावी प्रक्रिया में निर्देश जारी करना शुरू कर दिया है।