हिमाचल प्रदेश के किसानों को आने वाले दिनों में अब धान की फसल में झुलसा रोग की समस्या पेश नहीं आएगी। इसके साथ ही अब धान की अच्छी पैदावार होगी। कृषि विवि पालमपुर में झुलसा रोग (राइस ब्लास्ट) से निपटने के लिए एक बड़ा शोध हुआ है। इसमें विवि के कृषि विशेषज्ञों ने कुछ नए जीन डाल कर धान की किस्म विकसित की है। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के साथ मिल कर एक अन्य धान की किस्म भी राष्ट्रीय स्तर पर विकसित की है, जो छतीसगढ़ और उड़ीसा जैसे राज्यों के लिए उपयोगी पाई गई है। हिमाचल की बात करें तो यहां पर हर साल कई क्षेत्रों में धान की फसल पर झुलसा रोग का खतरा मंडराने लगता है। इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। यह देख कृषि विवि पालमपुर के एग्रीकल्चर बायोटेक्नोलॉजी विभाग में कृषि विशेषज्ञ पिछले कई दिनों से धान की फसल में लगने वाले झुलसा रोग से निपटने के लिए काम कर रहे थे।