प्लानिंग ऑफिसर के हस्ताक्षर फर्जी
बीते वर्ष 29 दिसंबर को इस मामले में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग मंडलीय कार्यालय हमीरपुर की ओर से सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। विभागीय अधिकारी ने शिकायत में कहा कि एक अज्ञात व्यक्ति कुछ दिन पहले उनके कार्यालय पहुंचा और एक एनओसी प्रस्तुत की, जिसे कार्यालय की ओर से जारी बताया गया। जांच में सामने आया कि उक्त एनओसी पर प्लानिंग ऑफिसर के हस्ताक्षर फर्जी थे। इसके अलावा एनओसी पर अंकित डिस्पैच नंबर भी कार्यालय के आधिकारिक रिकॉर्ड से मेल नहीं खाता।
शिकायत में ये बताया गया
शिकायत में बताया गया है कि यह फर्जी एनओसी शहर के वार्ड नंबर-10 निवासी हमीरपुर के नाम से दर्शाई गई है और इसकी एक प्रति प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, हमीरपुर के सहायक अभियंता को भी भेजी गई है, जिससे सरकारी अधिकारियों को गुमराह करने की मंशा साफ झलकती है। नगर योजनाकार हरजिंद्र सिंह का कहना है कि विभाग की जांच में एनओसी फर्जी पाई गई है। एनओसी पर फर्जी हस्ताक्षर थे जबकि जिस क्षेत्र के लिए एनओसी जारी हुई थी वह टीसीपी विभाग नहीं बल्कि नगर निगम के तहत आता है। वहीं, एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर का कहना है कि यह मामला एक शैक्षणिक संस्थान की एनओसी से जुड़ा है। विभाग के अधिकारी की शिकायत पर जांच जारी है। इस एनओसी को कैसे और किसने बनाया है यह जांच की जा रही है।