इसी दौरान वहां मोटरसाइकिल पर दो युवक आए। उनमें से एक मोटा और एक पतला लड़का था। पतले लड़के ने अपनी कमीज उतारकर युवती को दी। इसके बाद वह लड़की उनके साथ बाइक पर बैठकर वहां से चली गई।
चश्मदीद ने पुलिस के सामने युवती को मौके से ले जाने वाले दोस्त की शिनाख्त कर दी है, जिसे कॉल कर बुलाया था। चश्मदीद के सामने आने के बाद अब उन चर्चाओं पर विराम लगता नजर आ रहा है, जिसमें युवती की एफआईआर पर सवाल उठ रहे थे।
पुलिस ने दावा किया था कि युवती ने जो एफआईआर लिखवाई है, वह हकीकत में मेल नहीं खा रही। पुलिस लड़की के अपहरण की बात सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाकर नकार चुकी है। पुलिस ने लड़की के बयान के आधार पर आरोपी का स्केच तैयार कर लिया है।
जिस कार में लड़की दुष्कर्म करने की बात कह रही है, उसका नंबर उसे मालूम नहीं। जिस रंग की कार वह बता रही है, उसकी तलाश की जा रही है। हालांकि अभी पुलिस के हाथ खाली हैं।
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि लड़की ने उस रात करीब 9:23 बजे अपने दोस्त को कॉल किया और उससे दुष्कर्म होने की बात कहकर मौके पर आने को कहा।
इसके बाद गुड़िया हेल्पलाइन पर रात 9:56 पर कॉल किया। उसका दोस्त बाइक पर पीछे बैठकर आया और उसे लेकर चला गया। इस दौरान लड़की का मोबाइल वहां गिर गया था, जिसे पुलिस ने बाद में बरामद किया।