लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आबकारी एवं कराधान विभाग ने निजी होटलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। 69 होटलों में छापे डाले गए। अभियान के लिए विभाग ने आधा दर्जन टीमों का गठन किया था। विभाग की इस कार्रवाई से दिन भर होटल संचालकों में हड़कंप मचा रहा। रविवार को राजधानी शिमला, ढली, कुफरी, शोघी, तारादेवी, ठियोग, रोहड़ू और कुमारसैन में यह कार्रवाई की गई। 27 होटलों के रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाई गई। गैर पंजीकृत कमरों में टूरिस्ट को ठहराकर टैक्स चोरी की जा रही थी।
17 होटलों से 1.92 लाख का जुर्माना वसूल किया गया। इधर, दस होटलों के दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं। इन्हें अब नोटिस जारी किए जाएंगे। सुनवाई के बाद उनसे टैक्स वसूली और पेनल्टी लगाई जाएगी। रविवार सुबह ही विभाग की टीमों ने छापेमारी शुरू कर दी। छापेमारी की सूचना मिलते ही कई होटल संचालक होटलों को ताले लगाकर इधर-उधर हो गए।