अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी सहित जिला शिमला में जमा दो कक्षा की सीबीएसई परीक्षा के लिए स्थापित किए 20 परीक्षा केंद्रों में करीब 2200 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। कोरोनाकाल के बाद यह पहली ऐसी परीक्षा थी जिसमें परीक्षार्थियों ने 80 अंक की थ्योरी की परीक्षा दी।
परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले छात्र-छात्राओं के चेहरे पर पहली जंग जीतने की खुशी नजर आई। छात्रों ने कहा कि अंग्रेजी की परीक्षा अच्छी हुई है। परीक्षा का डर कम हुआ है। प्रश्न पाठ्यक्रम से ही आए थे लेकिन सभी प्रश्नों के उत्तर लिखने को समय कम पड़ गया। दयानंद स्कूल की इंग्लिश की शिक्षिका हर्षलता रेटका ने कहा कि प्रश्न पाठयक्रम से ही पूछे थे। सीबीएसई की सिटी कोआर्डिनेटर अनुपम ने कहा कि परीक्षा बोर्ड के निर्देशों के अनुसार निर्धारित समय पर शुरू हुई और शांतिपूर्ण ढंग से हुई।