शिमला में भाजपा कार्यालय में हमले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व में रविवार को रैली निकालकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। धूमल ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बेटे को बचाने के लिए क्लीन चिट दे दी, जो न्यायसंगत नहीं है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा जांच न करवाने और न्याय न मिलने तक भाजपा विरोध करेगी। मामले को विधानसभा में भी उठाया जाएगा। वर्तमान में मामले को लेकर भाजपा का प्रदर्शन जारी है। उन्होंने चेताया कि भविष्य में भी विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
विक्रमादित्य की गिरफ्तारी की मांग की
धर्मपुर बाजार में निकाली गई रैली के दौरान युकां अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह की गिरफ्तारी की मांग की गई। इस मौके पर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व स्थानीय विधायक महेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश सचिव व सुंदरनगर के प्रभारी त्रिलोक जम्बाल, भाजयुमो जिला अध्यक्ष रजत ठाकुर।
भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मंढोत्रा, महामंत्री देशराज पालसरा, सुखराम राणा, भाजयुमो अध्यक्ष विशाल ठाकुर, भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रियव्रत शर्मा, राजीव आर्य, यश पठानिया, संजय निराला, कर्नल अनंत राम, नेक राम, वंदना गुलेरिया, महिला मोर्चा अध्यक्ष निर्मला देवी आदि मौजूद रहे।