हॉबी कक्षाओं के साथ 2 वर्षीय डिप्लोमा कोर्स भी उपलब्ध
विज्ञापन
कक्षाओं में 8 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति ले सकता है प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के आरकेएमवी परिसर में सांध्यकालीन संगीत कक्षाओं का शुभारंभ हो गया है। सत्र 15 अप्रैल से शुरू हो चुका है और प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इन कक्षाओं में 8 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति चाहे पुरुष हो या महिला दाखिला ले सकता है।
अधिकतम आयु सीमा न होने से हर आयु वर्ग के लोगों के लिए यह एक अच्छा अवसर बनकर उभरा है। कक्षाएं प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से आयोजित की जाएंगी जिससे छात्र, नौकरीपेशा लोग और गृहिणियां अपनी सुविधा के अनुसार इसमें भाग ले सकें। यहां 2 वर्षीय डिप्लोमा और 4 वर्षीय डिग्री कोर्स उपलब्ध है जो भातखंडे संगीत विद्यापीठ लखनऊ से मान्यता प्राप्त हैं। इसके साथ ही संस्थान में हॉबी कक्षाएं भी शुरू की गई हैं जिनमें वोकल, वाद्य संगीत, नृत्य और पेंटिंग जैसी विधाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह कक्षाएं विशेष रूप से उन लोगों के लिए उपयोगी हैं, जो शौक के तौर पर कला सीखना चाहते हैं। लड़कों के लिए 1400 रुपये और लड़कियों के लिए 800 रुपये मासिक शुल्क निर्धारित किया है। आरकेएमवी संगीत विभाग के अध्यक्ष मेजर डॉ. लक्ष्मी ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते प्रवेश लेकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।