विद्यार्थी जब अपनी पढ़ाई पूरी कर लेगा, तो डिग्री लेते समय उसके लगाए दो पौधों की स्थिति देखकर उसकी असेसमेंट में नंबर जोड़े जाएंगे। जिस विद्यार्थी के पौधे का विकास अच्छी तरह से हुआ होगा, उसे असेसमेंट में अधिक नंबर मिलेंगे।
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) में पढ़ाई करने वाले हर विद्यार्थी को दाखिला लेने के साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में दो पौधे लगाने होंगे। सीयू में पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थी को इन दो पौधों की पूरी जिम्मेदारी से देखभाल भी करनी होगी। विद्यार्थी जब अपनी पढ़ाई पूरी कर लेगा, तो डिग्री लेते समय उसके लगाए दो पौधों की स्थिति देखकर उसकी असेसमेंट में नंबर जोड़े जाएंगे। जिस विद्यार्थी के पौधे का विकास अच्छी तरह से हुआ होगा, उसे असेसमेंट में अधिक नंबर मिलेंगे।
विज्ञापन
सीयू की यह योजना जहां विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करेगी, वहीं बच्चों में जिम्मेदार नागरिक के गुणों का विकास भी करेगी। वर्तमान में सीयू में करीब 29 विभाग चल रहे हैं। जब सीयू के अपने कैंपस तैयार हो जाएंगे, उस समय यहां पर 100 से अधिक विभागों में करीब 30 हजार विद्यार्थियों के शिक्षण की उम्मीद जताई जा रही है। इस लिहाज से हर वर्ष सीयू हजारों पौधे तैयार कर पर्यावरण को हरा-भरा रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विवि परिसर के बाद जंगलात की भूमि पर होगा पौधरोपण
सीयू के वर्तमान में दो परिसर देहरा और धर्मशाला में बनने हैं। ऐसे में इन परिसरों में पौधरोपण के बाद जब जगह नहीं बचेगी, तो विद्यार्थी वन विभाग की भूमि पर पौधरोपण करेंगे। इस तरह विवि न केवल अपने परिसर, बल्कि पूरे समाज में अपने पर्यावरणीय सरोकारों को निभाएगा।
विज्ञापन
मौजूदा सत्र से शुरू होगी मुहिम: कुलपति
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर विवि ने यह महत्वपूर्ण पहल की है। इससे परिसर और समाज के अन्य क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी। इसके लिए आवश्यक गाइडलाइन तैयार की जा रही है। इसी सत्र से इस मुहिम को शुरू किया जाएगा।