हिमाचल के सोलन जिला पुलिस बद्दी ने चंडीगढ़ और मोहाली से आने वाले उद्योगपतियों के आगमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। पंचकूला, कालका और पिंजौर के रहने वाले मालिक और अधिकारी स्टाफ को ही बीबीएन में प्रवेश की इजाजत होगी। वे भी सिर्फ टोल बेरियर बरोटीवाला से ही प्रवेश और निकासी कर सकेंगे।
जिला प्रशासन की ओर से सोमवार से इंडस्ट्री मालिकों को सप्ताह में एक दिन आने की अनुमति दी गई है। जिला बद्दी पुलिस ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि नालागढ़-बद्दी-बरोटीवाला आने वाले इंडस्ट्री मालिकों और अधिकारी स्टाफ को टोल बैरियर बरोटीवाला से एंट्री और एग्जिट करना होगा। जिला पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी ने बताया कि बिना परमिशन किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा और कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर चंडीगढ़ और मोहाली से आने वाले उद्यमियों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।