विपरीत परिस्थितियों में भी जो खुद और दूसरों के जीवन की सुरक्षा करे, वही सबसे बड़ी सेवा है। इस कार्य को स्काउट्स एंड गाइड्स बखूबी निभा रहे हैं। यह बात ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने राज्य स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र रिवालसर में 5 दिवसीय स्काउट्स एंड गाइड्स की 8वीं राज्यस्तरीय रैली के समापन पर कही। उन्होंने मार्चपास्ट की सलामी भी ली।
गाइड्स की ओर से पेश किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया। राज्य सचिव देविंद्र कश्यप ने रैली की रिपोर्ट दी। मुख्यातिथि ने नशे के बढ़ते प्रयोग पर चिट्टे का जिक्र किया। कहा कि यह चिंता का विषय है। इसके खात्मे के लिए सबको आगे आना चाहिए।
उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने ऊर्जा मंत्री से क्षेत्र की बिजली समस्याओं पर मांगें रखीं। रिवालसर नगर को तारों के झंझट से मुक्ति दिलाने, विद्युत मंडल व विश्राम गृह की भी मांग की गई। इस दौरान केडी शर्मा, अशोक शर्मा, विनोद शर्मा, प्रदीप ठाकुर, हेमपाल राणा, लाभ सिंह, ढमेश्वर ठाकुर सहित 1120 स्काउट्स एंड गाइड्स, 110 रोबर्ज और रेंजर मौजूद रहे।