हिमाचल प्रदेश न्यू पेंशन स्कीम (एनपीएस) कर्मचारी महासंघ के अंतर्गत सभी कर्मचारी एनएमओपीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु, राष्ट्रीय मुख्य सलाहकार और प्रदेश एनपीएस संघ के प्रदेशाध्यक्ष नरेश ठाकुर, महासचिव भरत शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. संजीव गुलेरिया के नेतृत्व में नव वर्ष 2019 को काले बिल्ले लगाकर विरोध जताएंगे।
एनपीएस कर्मचारी महासंघ के राज्य मुख्य प्रवक्ता कुशाल शर्मा ने कहा कि 1 जनवरी, 2004 को तत्कालीन केंद्र सरकार ने कर्मचारियों को मिलने वाली पेंशन बंद कर एनपीएस नीति के अंतर्गत नेशनल पेंशन योजना लागू की। इससे देश के तमाम कर्मचारी वर्ग अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है।
इसके लागू होने से कर्मचारियों की पेंशन को बंद कर दिया है और कर्मचारियों को कॉरपोरेट जगत में धकेल दिया है। इससे कर्मचारियों का भविष्य असुरक्षित हो गया है। देश के तमाम कर्मचारियों से आह्वान किया गया है कि 1 जनवरी, 2019 को इतिहास के काले दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार को संघ के माध्यम से कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन सरकार की तरफ से अभी तक सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया। केंद्र सरकार ने 26 नवंबर की दिल्ली महा रैली के पश्चात कर्मचारियों को सरकार की तरफ से मिलने वाले 10 प्रतिशत अंशदान को बढ़ाकर 14 प्रतिशत कराकर कर्मचारियों को लुभाने की कोशिश की।