रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव राकेश मित्तल ने अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही देश के अलग-अलग राज्यों में चुनाव के विरोध में हो रहे प्रदर्शन भी अब थम जाएंगे। वहीं छावनियों में चल रही चुनाव प्रक्रिया भी रोक दी जाएगी।
लोगों के विरोध के बीच रक्षा मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश की छह समेत देशभर की 56 छावनियों में होने वाले चुनाव रद्द कर दिए हैं। इसके लिए शुक्रवार को रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव राकेश मित्तल ने अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही देश के अलग-अलग राज्यों में चुनाव के विरोध में हो रहे प्रदर्शन भी अब थम जाएंगे। वहीं छावनियों में चल रही चुनाव प्रक्रिया भी रोक दी जाएगी। इससे पहले बीते 14 फरवरी को रक्षा मंत्रालय ने छावनियों में चुनाव करवाने की अधिसूचना जारी कर दी थी, जिसमें 30 अप्रैल को चुनाव करवाने तय किए गए थे। इसमें प्रदेश की छह समेत देशभर की 56 छावनियों में चुनाव होने थे।
विज्ञापन
इसे लेकर इसी सप्ताह से चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई थी। छावनियों में चुनाव रद्द करने के लिए प्रदेश छावनी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार सिंगला, कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष मनीष शर्मा, महासचिव मनमोहन शर्मा, मुख्य सलाहकार सुभाष शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिह, रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट का आभार जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री से छावनी मुक्त भारत की मांग भी की और छावनी के सिविल क्षेत्रों को बाहर करने की प्रक्रिया फिर शुरू करने की मांग उठाई। उधर, दूसरी ओर छावनियों में चुनाव रद्द होने के बाद अब प्रदेश छावनी वेलफेयर एसोसिएशन रविवार को डगशाई में विजयी रैली निकालेगी।