पंचायत चुनाव प्रचार थमा, अब घर-घर दस्तक दे रहे प्रत्याशी
चार हजार कर्मचारियों की लगाई गई है ड्यूटी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण का प्रचार शुक्रवार शाम को थम गया। प्रत्याशी अब डोर टू डोर वोटों को लुभाने में लगे हैं। रविवार को जिले की 138 पंचायतों में चुनाव होंगे, जिसके लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन एवं उपायुक्त आदित्य नेगी ने शुक्रवार को बताया कि प्रथम चरण में 138 पंचायतों के लिए मतदान 17 जनवरी को सुबह आठ से शाम चार बजे तक होगा। 4110 कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। बताया कि रोहडू विकास खंड में पंचायत टिक्कर में सर्वाधिक 2799 मतदाता हैं, जबकि मशोबरा खंड की पंचायत नाल में सबसे कम 357 मतदाता हैं। दूसरे चरण में 139 पंचायतों के लिए मतदान 19 जनवरी और तृतीय चरण के चुनाव के तहत 135 पंचायतों के लिए मतदान 21 जनवरी को होना निश्चित हुआ है।
पंचायत क्षेत्र में शराब बेचने पर पाबंदी : डीसी
जिला निर्वाचन अधिकारी आदित्य नेगी ने बताया कि जिले में 17, 19 और 21 जनवरी को मतदान होगा। मतदान के 48 घंटों पूर्व संबंधित पंचायतों में शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बताया कि यह कदम शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए उठाया है। आदेशों की अवहेलना करने वालों पर पंचायतीराज एक्ट के तहत कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।