जनता ने राहुल गांधी के प्रपंच और महागठबंधन के हर झूठ को नकार दिया: जयराम
बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की प्रचंड जीत पर भाजपा ने शुक्रवार को राजधानी के सीटीओ चौक पर जश्न मनाया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे को बधाई दी। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी जश्न का हिस्सा बने। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि बिहार की जनता ने एनडीए को भारी बहुमत देकर बहुत सी बातें स्पष्ट कर दी हैं। अब देश के लोग कांग्रेस और महागठबंधन के झूठ, प्रपंच और छलावे में नहीं आने वाले।
कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति को प्रो इनकंबेंसी की नई परिभाषा दी है। 20 साल बाद भी इतनी बड़ी जीत मिलना इस बात का प्रतीक है कि देश को नरेंद्र मोदी की नीतियां और नेतृत्व ही स्वीकार है। कहा कि देश और बिहार की जनता ने राहुल गांधी और कांग्रेस गठबंधन की नकारात्मक, समाज को तोड़ने वाली और विघटनकारी सोच को सिरे से नकार दिया है। अब देश में झूठ बोलकर या फर्जी गारंटियां बनाकर जनता को बरगलाया नहीं जा सकता। कहा कि राहुल गांधी ने जब भी प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की, जनता ने हर बार उन्हें कड़ा सबक सिखाया है। कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी कांग्रेस के स्टार प्रचारक के रूप में बिहार पहुंचे थे और गारंटियों के ब्रांड एंबेसडर बने। कहा कि अब कांग्रेस को दहाई का आंकड़ा भी दूर की कौड़ी लग रहा है। कहा कि प्रदेश में भी कांग्रेस की यही स्थिति होने वाली है।
मोदी-नीतीश का जलवा कायम, कांग्रेस एक बार फिर फेल : बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की और समाज कल्याण के प्रति उनकी भावना की जीत है। नीतीश और मोदी की जोड़ी ने जिस तरह से एक विकास का राज बिहार में स्थापित किया है और जहां बिहार बिल्कुल पिछड़ेपन की निशानी के रूप में जाना जाता था। आज बिहार देश की आर्थिकी के अंदर महत्वपूर्ण योगदान देने वाला प्रांत इस रूप में आगे बढ़ा है। कहा कि जनता प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार से बुरी तरह त्रस्त है और जनता भी इंतजार कर रही है किस दिन चुनाव आए और कांग्रेस को धराशाई करके मोदी की सरकार बनाई जाए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने नाहन में लड्डू बांटकर मनाया जश्न
बिहार में एनडीए गठबंधन की जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल रहा। नाहन के गुन्नुघाट चौक पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे भी फोड़े और भाजपा को मिली जीत का जश्न मनाया। नाहन भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर और धारटीधार मंडल के अध्यक्ष संजय पुंडीर के नेतृत्व में यह प्रदर्शन हुआ। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे भी लगाए। इस मौके पर संजय चौहान, धीरजगर्ग, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष अरूण चौहान, प्रदीप विज, संजीव मित्तल समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कुल्लू में बिहार चुनाव में एनडीए के प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने मनाया जश्न
बिहार चुनावों में एनडीए के बेहतर प्रदर्शन को लेकर जिला कुल्लू भाजपा ने जश्न मनाया है। जिला मुख्यालय के ढालपुर चौक में भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने विजय रैली निकाली और नारेबाजी भी की। जिलाध्यक्ष अमित सूद की अध्यक्षता में निकाली गई इस विजय रैली के दौरान उन्होंने मिठाईयां बांटकर खुशी का इजहार किया।