पंचायती राज संस्थाओं में चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने राज्य निर्वाचन आयोग का काम और खर्चा बढ़ा दिया है। जिला परिषद की चायली, आनंदपुर, बसंतपुर और अढाल में 10 से ज्यादा प्रत्याशी चुनाव मैदान में है जबकि राज्य निर्वाचन आयोग ने 10 प्रत्याशियों सहित एक नोटा चुनाव चिन्ह बैलेट पेपर में प्रकाशित कर दिए थे लेकिन अब इन बैलेट पेपर को फिर से बदलना पड़ेगा।
राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक चायली में 12 आनंदपुर में 14, बसंतपुर में 11 और अढाल में 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। इसी तरह जिला शिमला की शाहधार, तखलेच और डेवठी पंचायत में उपप्रधान पद के लिए 10 से ज्यादा उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।
इसके बैलेट पेपर में फिर से बदलने पड़ेंगे। आयोग की माने तो अकसर जिला परिषद और पंचायतों में 10 से कम ही प्रत्याशी चुनाव में होते थे। इस बार ज्यादा उम्मीदवारों ने चुनाव में अपनी रुचि दिखाई है।
जहां पर 10 से ज्यादा उम्मीदवार चुनाव मैदान में है वहां नए सिरे से बैलेट पेपर छापने पड़ेंगे। उम्मीद लगाई जा रही थी कि 10 से कम उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। राज्य निर्वाचन आयोग का काम बढ़ गया है। -टीजी नेगी, राज्य निवार्चन आयुक्त