जिला निर्वाचन अधिकारी कुल्लू
इसमें करीब एक लाख पोस्ट कार्ड भेजने का लक्ष्य रखा गया है। यह कार्ड हिंदी में होगा और इसमें डीसी कुल्लू के साथ स्वीप के अधिकारियों के हस्ताक्षर होंगे। पोस्ट कार्ड के बाहर आसरा वोट, आसरा अधिकार लिखा जाएगा।
नए युवा वोटरों के वोटर कार्ड 18 अप्रैल तक बनाए जाएंगे और इसके लिए फॉर्म संख्या छह को भरवाना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कुल्लू यूनुस ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक संख्या में मतदान के लिए सभी लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
100 से अधिक उम्र वाले बुजुर्ग वोटरों के जरिए मतदान प्रतिशत को बढ़ाने तथा नए वोटरों को मतदान करने के लिए आगे लाया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त यूनुस ने शनिवार को स्वीप कुल्लू मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया।
आम जनमानस को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक करने और लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के उद्देश्य से इसे शुरू किया गया है। ऐप को एंड्रायड मोबाइल फोन पर गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।
ऐप को लेकर जिला में नया प्रयास है और प्रदेश में पहली इस प्रकार की ऐप विकसित की गई है। यूनुस ने बताया कि यह एक बहुउद्देशीय ऐप है। इसकी मुख्य विशेषता है कि इससे आम जन जुड़ सकेगा। ऐप में जिला के सभी 544 मतदान केंद्रों की जानकारी उपलब्ध करवाई गई है।
इसमें बूथ स्तर के अधिकारियों का पूरा ब्यौरा है। चिकित्सकों की टीमें जो मतदान केंद्रों के लिए तैनात की जा रही हैं, उनकी जानकारी के साथ मतदाता हेल्पलाइन-1950 को भी इसमें शामिल किया गया है।
चुनाव अथवा मतदान के बारे में किसी प्रकार की शिकायत व समस्या के समाधान का लिंक भी इससे जोड़ा है। इसके अलावा जिला के सभी कॉलेजों, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं, आईटीआई, पॉलटेक्नीकल कॉलेजों तथा अन्य शिक्षण व प्रशिक्षण संस्थानों में प्रातकालीन सभा में मतदान के महत्व तथा फोटोयुक्त पहचान पत्र बनवाने के बारे में बताया जाएगा।
इन संस्थानों में फार्म संख्या छह उपलब्ध करवाना तथा प्रभात फेरियां, कैंडल मार्च आदि निकालना शामिल हैं। इसके अलावा, महिला मंडलों, युवक मंडलों व अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं को भी स्वीप गतिविधियों के साथ जोड़ा जा रहा है।
इसके अतिरिक्त बच्चों, युवाओं, महिलाओं व बुजुर्गों के लिए मिनी मैराथॉन तथा बाइक रैली आयोजित की जाएंगी। गांवों में नुक्कड़ व नाटकों के माध्यम से भी मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। ग्रामीण मेलों में भी स्वीप गतिविधियां की जाएंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं अथवा जिन लोगों ने अपने फोटो पहचान पत्र नहीं बनवाए हैं, वह इस ऐप की मदद ले सकते हैं। ऐप में मतदाता फोटो पहचान पत्र बनवाने के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध करवाई गई है।