कुल्लू में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मतदान करने पहुंचीं मतदाता।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के मंगलवार को दूसरे चरण के चुनाव में करीब 80 फीसदी मतदान हुआ है। दूसरे चरण में कुल 1208 पंचायतों में मतदान हुआ। देर शाम तक मतगणना का दौर जारी रहा। 1017 पंचायत समिति और 235 जिला परिषद सदस्यों के लिए हो रहे चुनाव के नतीजे 22 जनवरी को घोषित होंगे। दूसरे चरण के मतदान में कोरोना संक्रमित और होम क्वारंटीन कुल 76 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और हमीरपुर में ऐसे सबसे ज्यादा 23 वोटरों ने मतदान किया।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार दूसरे चरण के चुनाव में कुल 80 फीसदी मतदान हुआ है। सुबह 8 से 10 बजे तक कुल मतदान 18.20 फीसदी तक रहा। इसके बाद 12 बजे तक मतदान प्रतिशत 39.96 फीसदी और 4 बजे तक मतदान 63.60 फीसदी तक हुआ। इसके बाद मतदान 80 फीसदी तक रहा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बिलासपुर जिले की विजयपुर पंचायत में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान किया।
गौर हो कि नड्डा की पंचायत के प्रतिनिध पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए हैं। राज्य चुनाव आयोग ने 7160 पोलिंग पार्टियां स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए तैनात रखी थीं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल कोरोना संक्रमित 76 वोटरों ने वोट डाले। इनमें हमीरपुर में सबसे ज्यादा 23, ऊना में 19 और कांगड़ा में 15 कोरोना संक्रमितों ने वोट डाला। इसके अलावा अन्य जिलों में कोरोना संक्रमित मतदान करने पहुंचे।
अब 21 जनवरी की सुबह 8 से शाम 4 बजे तक राज्य में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे चरण के चुनाव में 1137 पंचायतों में मतदान होगा। इसके लिए चुनाव आयोग ने कुल 7160 पोलिंग पार्टियों की तैनाती की है। इनके अलावा प्रत्येक पोलिंग बूथ सुरक्षा के लिए पुलिस और होम गार्ड के जवान भी तैनात रहेंगे। जिन मतदान केंद्रों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा है, वहां सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किए गए हैं।
इससे पहले 17 जनवरी को प्रथम चरण में 1227 पंचायतों में मतदान हुआ था, जो 78.70 फीसदी रहा था। लाहौल-स्पीति जिले में सभी पंचायतों के चुनाव हो चुके हैं। शिमला जिले की छौहारा खंड की आंध्रा पंचायत में सबसे ज्यादा 92.69 फीसदी मतदान हुआ।
सिरमौर जिले में सबसे ज्यादा हुआ मतदान (प्रतिशत में)
सिरमौर 84.00
सोलन 83.54
कुल्लू 83.13
मंडी 81.64
ऊना 81.05
शिमला 80.23
चंबा 79.95
बिलासपुर 79.00
कांगड़ा 75.60
हमीरपुर 72.22
किन्नौर 70.00