चौपाल क्षेत्र के कुपवी में सोमवार देर रात आग से एक मकान और आठ दुकानें जलकर रख हो गईं। आग से लाखों की संपत्ति का नुकसान हो गया है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया है। बताया जा रहा है कि आग एक घर में रात के समय लगी।
आग लगने के बाद लोगों को घरों में रखे गैस सिलेंडरों तक को बाहर निकालने का समय नहीं मिला। गैस सिलेंडर फटने से आग बेकाबू हो गई। रात के समय लगी आग से देखते ही देखते एक के बाद एक घर समेत आठ दुकानें जल कर राख हो गईं।
स्थानीय लोगों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन आग तेजी से फैलने के बाद लोग इस पर काबू पाने में नाकाम रहे। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी को भी यहां तक पहुंचने में काफी समय लग गया। गाड़ी पहुंचने तक सब कुछ तबाह हो गया था।
इनके आशियाने उजड़े
कुपवी बाजार में हुए भीषण अग्निकांड में एक घर और आठ दुकानें सामान सहित खाक हो गईं। आग से मोनिका का घर, रतन सिंह की किराने की दुकान, श्याम लाल का ढाबा, ऊषा देवी की सिलाई कटाई की दुकान, श्याम सिंह की मोबाइल की दुकान, राम सिंह की चिकन और कॉस्मेटिक की दुकान, बलवीर सिंह की चिकन की दुकान, लच्छी राम का ढाबा, जबकि धनी राम की सब्जी की दुकान आग की भेंट चढ़ गई हैं।
आग से लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से आग से प्राथमिक जांच में करीब 34 लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। तहसीलदार कुपवी अमित कुमार शर्मा ने आग की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से प्रभावितों को फौरी राहत दी जा रही है।
पेट्रोल पंप में आग, दो वाहन भी आए चपेट में
वहीं रिकांगपिओ के पास शुद्धारंग में पेट्रोल पंप में मंगलवार दोपहर बाद चार बजे भयानक आग लग गई, जिससे पेट्रोल पंप जलकर राख हो गया। साथ ही पेट्रोल पंप के साथ खड़ी दो गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं। अग्निकांड में करीब 13 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी दयानंद नेगी और रिकांगपिओ पुलिस की टीम एएसआई बख्शी राम के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दो गाड़ियों में से एक पेट्रोल टैंकर है।
उधर, एसडीएम कल्पा डॉ. अवनिंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि टैंकर एचपी 25 ए 8111 और एक निजी वाहन आग की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही दमकल टीम ने आग को काबू कर लिया। आग कैसे लगी, इसकी छानबीन की जा रही है।
एसपी किन्न्नौर गुरदेव शर्मा ने बताया कि आग से 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस छानबीन में जुटी गई है। प्रारंभिक जांच में बताया जा रहा है फिलिंग स्टेशन में तेल उतारते समय नोजल घूमते हुए स्पार्किंग से आग लगी है।