बद्दी के एसपी कार्यालय के साथ आग लगने से प्रवासी कामगारों की 8 झुग्गियां जल कर राख हो गई। आग झुग्गी में रखा एक छोटा सिलेंडर फटने से लगी। इसकी चपेट में आने से एक महिला व बच्चा घायल हो गया। आग से करीब एक लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान आंका गया है जिसमें 23 हजार रुपये नकद आग की भेंट चढ़ गए।
अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। यह घटना दोपहर एक बजे की है। एसपी कार्यालय के साथ लगते खाली जमीन पर प्रवासी कामगारों ने झुग्गियां बना रखी है जिसमें एक छोटा सिलेंडर फट गया। इससे झुग्गी में आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर आफिसर किशोर कुमार दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक झुग्गियों में आग फैल चुकी थी।
आग से प्रवासी कामगार बजरंगी दास, रहीश अहमद, दलीप पाल, राज कुमार, पुरूषोतम, नरेश चंद, हरिपाल, अनिल कुमार की झुग्गी जलकर नष्ट हो गई। इस झुग्गियों में रखा खाने पीने का सामान, कपड़े, बर्तन व नकदी जल कर राख हो गई। इस बीच एक झुग्गी से छोटे गैस सिलेंडर हवा में तैरता हुआ सौ फीट दूर एक दीवार से टकराया जो एक प्रवासी महिला पूजा व चार वर्षीय बालक विपिन से टकराया।
पूजा के पीठ में व विपिन के कान के ऊपर सिर पर छिटक कर लगा जिससे उन्हें चोटें आई है। फायर आफिसर किशोर कुमार ने बताया कि आग से एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उधर, सूचना मिलते ही बरोटीवाला पुलिस मौके पर पहुंच कर आग लगने के कारणों की छानबीन में जुट गई।