मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की धमकी अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की कार्यकारिणी परिषद सदस्य (ईसी) सुनील दत्त और कोर्ट सदस्य सुरेश कुमार वर्मा ने कर्मचारियों की मांगों के पूरा न होने पर बुधवार को विवि के प्रशासनिक भवन के बाहर धरना दिया।
धरने के माध्यम से कर्मचारी नेताओं ने रोष प्रकट किया। विवि के विभिन्न कर्मचारी संघों की संयुक्त समन्वय समिति ने इस आंदोलन को समर्थन देने का एलान किया गया है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि विवि ने कुछ माह पहले सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। प्रदेश सरकार के हस्तक्षेप पर वित्त समिति और कार्यकारिणी परिषद में मनोनीत एवं नामित प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की मांगों को जायज ठहराते हुए इसे मंजूरी दिलवाने में सहयोग किया था। लेकिन दो माह बीत जाने के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन के लापरवाह और नकारात्मक रवैये के कारण कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं हुई हैं।
संयुक्त समन्वय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने विवि के प्रति कुलपति से भी मुलाकात की। जेसीसी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, सुनील दत्त शर्मा, नरेश कुमार शर्मा, देवेंद्र कुमार और शशि कुमार ने प्रति कुलपति से मांगों को जल्द पूरा करने का आग्रह किया। इस पर प्रति कुलपति ने आश्वासन दिया कि मांगों पर जल्द विचार कर इसे पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। धरने पर बैठे दोनों प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि हमारा धरना तब तक जारी रहेगा जब तक मांगें पूरी नहीं होती। सभी मांगों को प्रशासन समय सीमा तय कर पूरी करे। जेसीसी पदाधिकारियों ने चेताया कि यदि मांगों को जल्द पूरा नहीं किया तो कर्मचारियों को साथ लेकर प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसमें अधिकारियों का घेराव भी किया जा सकता है। इसके लिए पूरी तरह से विवि प्रशासन जिम्मेदार होगा।