ई-रिक्शा में सवार डीसी ऊना राघव शर्मा।
- फोटो : संवाद
अब चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालु माईदास सदन से मंदिर तक ई-रिक्शा में जा सकेंगे। चिंतपूणीं में वीरवार को पांच सीटर ई-रिक्शा का ट्रायल सफल रहा।वीरवार दोपहर बाद उपायुक्त राघव शर्मा और एसडीएम अंब डॉ. मदन कुमार व अन्य ई-रिक्शा में सवार हुए। ई-रिक्शा एक समय कुल पांच लोगों को लेकर आसानी से निर्धारित स्थल तक पहुंचा। इस तरह ई-रिक्शा का संचालन चिंतपूर्णी अर्ध पहाड़ी क्षेत्र में सफल।
चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट की ओर से यह सेवा बाबा श्री माईदास सदन से मंदिर दर्शन के लिए लगी कतार तक श्रद्धालुओं को पहुंचाने के लिए शुरू की जाएगी। मंदिर ट्रस्ट की तरफ से आधा दर्जन ई-रिक्शा शुरू करने की योजना है। एकतरफा करीब 600 मीटर से अधिक दूरी तक अब श्रद्धालुओं को पैदल नहीं चलना पड़ेगा। हालांकि ई-रिक्शा का इस्तेमाल मंदिर रोड पर वाहनों की आवाजाही को कम करने के लिए भी किया जा रहा है।
इलेक्ट्रिक वाहनों पर प्रदेश सरकार का फोकस है। ऐसे में चिंतपूर्णी में इलेक्ट्रिक रिक्शा का ट्रायल वीरवार को किया गया, जो सफल रहा। मंदिर न्यास की अगली बैठक में इस ई-रिक्शा को लेकर विस्तार में चर्चा करते हुए निर्णय लिया जाएगा।
- राघव शर्मा, उपायुक्त ऊना
ई-रिक्शा पर लगा सकते हैं सोलर पैनल
इस ई-रिक्शा पर सोलर पैनल स्थापित किया जा सकता है। इससे बैटरी को चार्ज करने का काम भी खत्म हो जाएगा। माह में दो या तीन बार ही बैटरी चार्ज करने पड़ेगी। 2.60 लाख रुपये कीमत के इस ई-रिक्शा की बैटरी को एक बार चार्ज करने पर साढ़े चार यूनिट बिजली की खपत होती है। जबकि यह एक बार चार्ज होने पर 100 से 140 किलोमीटर तक सफर तय करती है।