कोटखाई में गुड़िया प्रकरण और पुलिस हिरासत में सूरज की मौत मामले में पूर्व एसपी शिमला डीडब्ल्यू नेगी की जमानत याचिका की सुनवाई आगामी 19 मार्च तक टल गई है। सोमवार को यह मामला न्यायाधीश सीबी बारोवालिया की अदालत के समक्ष सुनवाई के लिए रखा गया था।
पिछली सुनवाई के दौरान सीबीआई की ओर से अदालत को बताया गया था कि इस मामले में अन्य अभियुक्त पूर्व आईजी जहूर जैदी ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका दायर की है, जिस पर फैसला लंबित है।
इससे पहले प्रार्थी पक्ष की ओर से दलील दी गई थी कि इस मामले में ट्रायल कोर्ट में चालान पेश कर दिया गया है। सीबीआई की ओर से दलील दी गई थी कि जब तक बाकी आरोपिओं के खिलाफ जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक प्रार्थी को जमानत पर रिहा करना कानूनन गलत है।
यदि इसे जमानत पर रिहा किया जाता है तो वह साक्ष्य के साथ छेड़छाड़ कर सकता है। अन्य गवाहों को भी प्रभावित कर सकता है। जहूर जैदी की जमानत याचिका को हाईकोर्ट पहले ही खारिज कर चुका है।