भारतीय वायुसेना का लड़ाकू हेलिकॉप्टर (जेडटी-3104) मंगलवार को क्रैश होने से बाल-बाल बच गया। इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारण इंदौरा के मंड में हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिंग करवाई गई।
भारतीय वायुसेना का लड़ाकू हेलिकॉप्टर इंदौरा में आसमान में था कि अचानक हेलिकॉप्टर के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। हेलिकॉप्टर में सवार वायुसेना के तीन सदस्यीय दल ने सूझबूझ बरती और हेलिकॉप्टर को गांव से दूर ले जाकर मंड में ब्यास दरिया के किनारे खुली जगह पर आपात लैंडिंग करवाई।
घटना में हेलीकॉप्टर सवार किसी भी सदस्य को चोट नहीं आई। आपात लैंडिंग होते ही हेलिकॉप्टर में सवार दल ने भारतीय वायु सेना के मुख्यालय में इसकी सूचना दी। वायुसेना की तकनीकी टीम अपने अधिकारियों सहित हेलिकॉप्टर में सवार होकर मौके पहुंची।
सूचना मिलने पर इंदौरा थाना के अतिरिक्त प्रभारी सुभाष राणा भी पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंच गए। वायुसेना और पुलिस ने घटनास्थल की नाकेबंदी कर किसी को भी घातक हथियारों से लैस लड़ाकू हेलिकॉप्टर के पास नहीं जाने दिया। भारतीय वायुसेना की तकनीकी टीम देर शाम तक हेलीकॉप्टर के इंजन में आई तकनीकी खराबी दूर करने में जुटी हुई थी।