बगीचों के प्रबंधन में लापरवाही से घट सकता है उत्पादन
भारती शर्मा शिमला। जिले के सेब उत्पादक क्षेत्रों में उर्वरकों के अधिक प्रयोग से मिट्टी की उपजाऊ शक्ति घट रही है। उर्वरकों के अधिक इस्तेमाल से पोषक तत्वों में असंतुलन हो गया है जिसका फसल की वृद्धि और विकास पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
कृषि एवं मृद्धा वैज्ञानिकों ने बागवानों को सलाह दी हैै कि गुणवत्तापूर्ण और अच्छी फसल उत्पादन के लिए मिट्टी परीक्षण आधारित उर्वरकों का ही उपयोग करें। मृदा वैज्ञानिक डॉ. उषा ने कहा कि जिले में ज्यादातर बगीचों में जांच के दौरान उपजाऊ शक्ति में कमी पाई गई है। बगीचों में नाइट्रोजन, सिंगल सुपर फॉस्ट्रेट, म्यूरेट ऑफ पोटाश (एमओपी) और 12-32-16 सहित अन्य उर्वरकों का जरूरत से अधिक मात्रा में प्रयोग हो रहा है। इस वजह से मिट्टी की उपजाऊ शक्ति खत्म हो रही है। इस साल बारिश की अधिकता से फफूंदजनित बीमारियों (मारसोनिना ब्लॉच, अल्टेरनारिया लीफ स्पॉट, स्कैब) का प्रकोप सेब के बगीचों में ज्यादा रहा है। इससे ज्यादातर बगीचों में पत्तियां समय से पहले ही गिर गईं और अगस्त-सितंबर तक पौधों पर फल ही नजर आए। इसका सीधा असर फल की गुणवत्ता पर रहा। उन्होंने कहा कि यदि मौसम बीमारियों के लिए अनुकूल रहा और बागवान प्रबंधन कार्य में चूक गए तो इन बीमारियों का असर अगली साल की फसल पर पड़ेगा।
विज्ञापन
समय पर करें बगीचों की सफाई
कृषि विज्ञान केंद्र शिमला की प्रभारी डॉ. उषा शर्मा ने कहा कि कुछ सालों से जलवायु में अनियमितताएं बढ़ गई हैं। इसलिए सेब की बागवानी में किसी भी घटक और कार्य को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता। बगीचे की साफ-सफाई, उचित कांटछांट, पोषक तत्व प्रबंधन, रोग और कीट प्रबंधन के कार्य समय पर करना जरूरी हैं। यदि बागवान मिट्टी जांच पर आधारित उर्वरकों का प्रयोग नहीं करेंगे तो दो से तीन साल तक इसका नुकसान भुगतना पड़ेगा। मृदा परीक्षण की सुविधा कृषि विज्ञान केंद्र शिमला रोहड़ू, क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान केंद्र मशोबरा, डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी (सोलन) सहित अन्य जगहों पर उपलब्ध हैै।
सुप्त अवस्था में करें कांटछांट का कार्य : डॉॅ. उषा
कृषि विज्ञान केंद्र शिमला की प्रभारी डॉ. उषा शर्मा ने कहा कि बगीचों की साफ-सफाई को प्राथमिकता दें। नवंबर माह में सेब के पौधों से पत्तियां पूर्ण रूप से या 90 फीसदी तक गिर जाएं तो सभी पत्तियों को इकट्ठा कर किसी गड्ढे में डालकर सड़ने के लिए ढंक दें। फिर बगीचों के धरातल में पांच फीसदी यूरिया का छिड़काव करें। इससे पत्तियां जल्दी सड़ जाएंगी और साथ फंफूदजनित बीमारी के जीवाणू भी खत्म हो जाएंगे। सुप्त अवस्था के बीच पौधों की कांटछांट करनी चाहिए। इसके साथ ही फंफूदनाशक का भी छिड़काव कर देना चाहिए। तीसरे पोषक तत्व प्रबंधन पर भी विशेष तौर पर ध्यान देना चाहिए।