हिमाचल के कृषि विभाग ने ड्राइवरों की भर्ती में हिमाचल के पढ़े-लिखे बेरोजगारों से खिलवाड़ किया। मामला सरकार के ध्यान में आया तो भर्ती रद्द कर दी गई। यह भर्ती प्रक्रिया चालकों के 20 पदों के लिए अपनाई गई।
कुल 2720 युवाओं ने इसके लिए आवेदन किया। इनमें कई एमए और बीए पढ़े युवा भी शामिल थे। भर्ती तो दोबारा भी शुरू हो जाएगी, लेकिन इस गलत प्रक्रिया को अपनाकर बेरोजगारों से हुए खेल और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के लिए किसी को भी जिम्मेदार तक नहीं ठहराया गया।
चालकों के दैनिक वेतन भोगी आधार पर पद भरने के लिए 18 जून से 22 जुलाई, 2019 के बीच साक्षात्कार अथवा ड्राइविंग टेस्ट रखा गया। इस टेस्ट से 20 चालकों का चयन कर लिया गया। चयनित चालकों की सूची राज्य सरकार को अंतिम मंजूरी के लिए भेजी गई।