शिमला। राजधानी में कड़ाके की ठंड के बीच एक चालक तेल के टैंकर के कैबिन के अंदर मृत मिला। इसकी पहचान सुशील (50) पुत्र रुलिया राम, गांव सतोटिला, तहसील अंब जिला ऊना निवासी के तौर पर हुई है। सूचना मिलने पर मंगलवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक टैंकर तेल से भरा था। सुशील टैंकर में अकेला ही था। इसकी संदिग्ध हालात में मौत के कारणों का पुलिस पता लगा रही है। शहर के ढली थाना क्षेत्र में यह घटना पेश आई। सोमवार रात को सुशील कुमार वाहन को लेकर ढली स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचा। सुबह 7:00 बजे के करीब पेट्रोल पंप के कर्मचारी टैंकर के पास पहुंचे। तेल को खाली किया जाना था। लेकिन, चालक ने अंदर से कोई जवाब नहीं दिया।
चालक बेसुध पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। इस बीच चालक को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इसे मृत घोषित करार दिया। पुलिस ने मामले की आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।