हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झंडूता में परीक्षा देने वाले ज्योरा स्कूल के विद्यार्थियों की ड्राइंग की उत्तरपुस्तिकाओं के साथ छेड़छाड़ की शिकायत जांच में सही पाई गई है। फोरेंसिक जांच में उत्तरपुस्तिकाओं में कुछ उत्तरों को काटकर दोबारा लिखा पाया गया है। लिखावट भी विद्यार्थियों की हैंडराइटिंग से अलग पाई गई है। रिपोर्ट आने के बाद अब हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर रहा है, ताकि यह पता चल सके कि किसने सही उत्तर काटकर गलत लिखे थे। बोर्ड ने नौ उत्तरपुस्तिकाएं जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजी थीं।
बोर्ड ने इन उत्तरपुस्तिकाओं को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा था। वहां से रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में छेड़छाड़ की शिकायत सही पाई गई है। बोर्ड एक कमेटी गठित कर रहा है, जो पूरे मामले की जांच करेगी।- डॉ. मेजर विशाल शर्मा, सचिव स्कूल शिक्षा बोर्ड